बोर्ड परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने को लेकर डीएम ने ली बैठक

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। 18 फरवरी से प्रारम्भ होने वाली वर्ष 2026 की हाईस्कूल/ इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं नामित जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा जनपद में निर्धारित 78 परीक्षा केन्द्रों के स्टेटिक मजिस्ट्रेट, की बैठक सम्पन्न हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी उपस्थित स्टेटिक मजिस्ट्रेट को केन्द्र पर आधारभूत सुविधाओं यथा-फर्नीचर, वायस रिकार्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरा/हाईस्पीड इण्टरनेट/पेयजल, शौचालय/विद्युत की स्थाई एवं वैकल्पिक व्यवस्था तथा स्ट्रांग रूम की स्थापना, जिसमें 04 डबल लॉक युक्त अलमारी की व्यवस्थाओं को परीक्षा तिथि से पूर्व उपस्थित होकर किये जाने, डबल लॉक युक्त अलमारी में शासनादेश में तथा परिषद द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुसार परीक्षा प्रश्नपत्रों को रखे जाने एवं चतुर्थ अलमारी जिसमें रिजर्व प्रश्नपत्रों के सेट रखे जाने हेतु उसकी उसके प्रथम लॉक की एक चाभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट के पास तथा दूसरी चाभी केन्द्र व्यवस्थापक के पास तथा दूसरे लॉक की चाभी सम्बनिधत थानाध्यक्ष अथवा उनके द्वारा नामित इंस्पेक्टर की अभिरक्षा में रखी जायेगी, से अवगत कराया गया। स्ट्रांग रूम हेतु लॉग बुक तैयार की जाये, जिसमें स्ट्रांग रूम के खोलने का समय एवं बन्द किये जाने का समय एवं खोलने तथा बंद करने वाले अधिकारी/कर्मचारी का विवरण भी अंकित किया जाये। लॉग बुक केन्द्र पर तैनात पुलिस बल की अभिरक्षा में रखा जायेगा। सभी उपस्थित मजिस्ट्रेट को शासन द्वारा परीक्षा को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने हेतु निर्गत निर्देशों का अध्ययन करते हुये परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा को सकुशल नकलविहीन सम्पादित कराये जाने से अवगत कराया गया। अतिरिक्त उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 के सम्बन्ध में अवगत कराते हुये सभी मजिस्ट्रेट को सचेत रहते हुये परीक्षा सम्पादित कराये जाने के निर्देश प्रदान किये गये। अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक सशस्त्र पुलिस बल तैनात किये जाने एवं परीक्षा के पूर्व सभी निर्देशों को समय निकाल कर अध्ययन किये जाने एवं तद्नुसार परीक्षा नकलविहीन सम्पादित कराये जाने के निर्देश प्रदान किये गये है। अपर जिलाधिकारी द्वारा स्टेटिक मजिस्ट्रेट को अपने निवास स्थान का पता एवं अल्टरनेट मो0न0 जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्धक कराने एवं डबल लॉक के नियमों का अक्षरश: अनुपालन कराये जाने के निर्देश प्रदान किये गये। डीएम ने सभी नवीन नकल अधिनियम से सचेत करते हुये सावधानीपूर्वक परीक्षाओं को सम्पादित कराये जाने एवं किसी भी प्रकार की घटना आदि होने की स्थिति में तत्काल सम्बन्धित जोनल, सेक्टर, जिला विद्यालय निरीक्षक, जनपदीय कण्ट्रोल रूम के नम्बर 05692-234153 पर एवं कण्ट्रोल रूम प्रभारी के मो0न0- 9450109285 पर अथवा जिलाधिकारी को अवगत कराये जाने तथा किसी प्रकार की सोशल मीडिया/पब्लिक आदि में ब्रीफ न किये जाने एवं फोटोग्राफी वीडियों ग्राफी न किये जाने तथा केन्द्र पर परीक्षा तिथि से पूर्व ही भ्रमण करते हुये समस्त व्यवस्थायें पूर्ण सुनिश्चित कराने के निर्देेश प्रदान किये गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *