26 जनवरी के आयोजन तैयारी की डीएम ने ली बैठक

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी डॉ0 वीके सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 26 जनवरी के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
26 जनवरी को आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई, बैठक में निर्णय हुआ कि सुबह 07 बजे स्टेडियम से कैंट में फायरिंग रेंज तक 05 किमी0 की क्रॉस कंट्री दौड़ आयोजित की जायेगी। सुबह 08:30 बजे सभी सरकारी कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया जायेगा। 9:30 बजे पुलिस लाइन में परेड का आयोजन होगा। 10 बजे सभी शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण किया जायेगा। सुबह 10:30 बजे स्टेडियम से बड़ा चौराहा, कोतवाली, एमआईसी इंटर कालेज होते हुये स्टेडियम तक रुट मार्च होगा। सुबह 11 बजे लोहिया अस्पताल में जिलाधिकारी द्वारा मरीजों को फल वितरण किया जाएगा। सुबह 11 से 12 बजे तक कुष्ठ आश्रम में रोगियों को फल वितरण किया जायेगा। दोपहर 12 बजे जिला व केंद्रीय कारागार में फल वितरण होगा। बैठक में डीएम ने निर्देशित किया कि सभी नगर पालिका/नगर पंचायत अपने क्षेत्र में स्थापित महापुरुषों की मूर्तियों की साफ -सफाई, रंग रोगन कराकर उन पर रोशनी व माल्यार्पण की व्यवस्था करने के निर्देश दिये, साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों में साफ -सफाई कराकर 25/26 की रात लाइटिंग की व्यवस्था की जाये व प्रोटोकॉल के अनुसार ध्वजारोहण किया जाये। हर नगर पालिका/पंचायत मलिन बस्तियों में साफ सफाई कराये। सभी शिक्षण संस्थाओं में सरदार बल्लभ भाई पटेल व अटल बिहारी बाजपेई की जीवनी व उपलब्धियों पर गोष्ठियों का आयोजन किया जाये। मेला श्रीराम नगरिया में 26 की शाम को देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी व संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *