डीएम ने मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति का लिया जायजा

अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय से कार्य पूर्ण करने के दिये निर्देश
सौ प्रतिशत कार्य पूर्ण करने पर बीएलओ चंदन सिंह की थपथपाई पीठ
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति का जायजा लेने शनिवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी तहसील तथा नगर पालिका परिषद पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चल रहे कार्यों की जानकारी ली तथा समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम जोडऩे, हटाने और संशोधन सहित डिजिटाइजेशन का कार्य समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है, ताकि आगामी निर्वाचन में मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि त्रुटिरहित कार्य सुनिश्चित किया जाए और कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हमीरपुर खास के बीएलओ चंदन सिंह द्वारा सौ प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण किए जाने पर उनकी सराहना की और उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित किया जाएगा। जिससे अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिलेगी। जिलाधिकारी ने नगर पालिका और तहसील के संबंधित अधिकारियों से शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए साथ ही आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो या संशोधन आवश्यक हो तो बीएलओ या संबंधित कार्यालय से तुरंत संपर्क करें। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा 100 प्रतिशत कार्य पूरा कर चुके हमीरपुर खास के बी0एल0ओ0 चंदन सिंह की प्रशंसा की एवं सम्मानित करने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान कायमगंज उपजिलाधिकारी अतुल कुमार, तहसीलदार विक्रम सिंह, नायब तहलीलदार अनवर हुसैन मौजूद रहे। इसके बाद जिलाधिकारी और जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने घसिया चिलौली गांव में ग्राम पंचायत द्वारा लगभग 12 लाख की लागत से निर्मित बारात घर का उद्घाटन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *