क्या मुर्दे भी पीते हैं शराब? कब्र के अंदर मिलीं बोतलें और पाउच 

बिहार के सासाराम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कब्रिस्तान की कब्र से शराब की बोरी बरामद हुई है। इस बोरो में 50 लीटर से ज्यादा देशी महुआ शराब मिली है। मामला कदिरगंज के अलावल खान मकबरा के पास स्थित कब्रिस्तान का है। ऐसे में लोग सवाल कर रहे है कि क्या सासाराम के मुर्दे भी शराब पीते हैं?

रोहतास: बिहार में शराबबंदी काफी समय से लागू है। फिर भी शराब की तस्करी रुक नहीं रही है। शराब माफिया पुलिस को चकमा देकर अपना धंधा चला रहे हैं। अब उन्होंने कब्रिस्तान को अपना अड्डा बना लिया है। रोहतास जिले के सासाराम में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कब्र से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं।

मकबरा से आती थी आवाज

दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि कादिरगंज के अलावल खान मकबरा के पास आए दिन लोग रात में आते हैं और फिर चले जाते हैं। कब्रों के पास से कभी-कभी तो अजीब तरह की आवाज भी आती है। पुलिस को जब इस बात की सूचना मिली तो वह हैरान रह गई। सूचना पर पुलिस मौके पर छापेमारी की। हालांकि पुलिस को पहुंचते ही कुछ लोग भागते दिखे। इसके बाद पुलिस वहां सघन जांच अभियान चलाया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो धंधेबाज फरार हो गए। लेकिन छानबीन के दौरान पुरानी कब्र में छिपाकर शराब की बोरी रखी हुई थी। जिसे पुलिस ने निकाल कर जब्त कर लिया। बता दें कि 2 साल पहले भी इस इलाके में कब्रिस्तान से ही शराब बरामद हुई थी। अब फिर से कब्र से शराब मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है और मामले में मुकदमा दर्ज कर अज्ञात धंधेबाजों पर कार्रवाई की बात कह रही है। गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी है, उसके बावजूद यहां शराब का बरामद होना एक आम बात हो गई है। दरअसल शराब माफिया लोगों तक ब्लैक में शराब पहुंचा रहे हैं और दोगुनी कीमत वसूल कर रहे हैं। ऐसे में शराब पीने वालों को उनकी खुराक लगातार मिल रही है लेकिन पुलिस इन शराब सप्लायर्स पर नकेल नहीं कस पा रही है। ऐसे में पुलिस के ऊपर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

50 लीटर देसी शराब बरामद

पुलिस के अनुसार, कब्र से लगभग 50 लीटर से भी अधिक देसी मुहआ शराब बरामद हुई। कब्र से इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। लोग हैरान हैं कि शराब तस्कर अब मुर्दों के घरों को भी नहीं बख्श रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *