ढाई माह पूर्व ही हुआ था विवाह भाई की तहरीर पर पति सहित पांच पर हत्या का मुकदमा दर्ज पुलिस ने पहुंचकर की जांच पड़ताल

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। दहेज की मांग पूरी न होने पर दहेज लोभियों ने नवविवाहिता को मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। सूचना पर पहुंचे मायके वालों से कहासुनी हो गयी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुरालीजन मौके से फरार हो गये। मृतका के भाई ने पति सहित पांच लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा के माधौपुर निवासी राखी पत्नी गोलू सक्सेना की बीती रात ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी मारपीट कर हत्या कर दी। सूचना पर मृतका का भाई रोहित पुत्र स्व0 रामप्रकाश निवासी सलेमपुर थाना राजेपुर अपने परिजनों के साथ बीती रात ११ बजे पहुंच गये। मृतका के भाई ने बहन के ससुरालियों के विरुद्ध तहरीर दी। जिसमें दर्शाया कि उसने अपनी राखी का विवाह ढाई माह पूर्व गोलू सक्सेना पुत्र राजकुमार के साथ सम्मेलन से हिन्दू रीति रिवाज के अनुसार किया था। शादी के कुछ दिन बाद से बहन का पति गोलू, ससुर राजकुमार, सास, देवर छोटू, ननद काजल अतिरिक्त दहेज में बाइक, सोने की चैन मायके से लाकर देने की बात कहने लगे। बहन के मना करने पर ससुरालियों ने उसकी मानसिक व शारीरिक रुप से प्रताडऩा शुरु कर दी। ससुरालीजन बहन को मारपीट कर उसे भूखा प्यासा रखते थे। १५ जुलाई को बहन ने मां गीता देवी को फोन कर बताया कि उसके ससुरालीजन उसे अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर रहे है। रात्रि में मैं अपने साथ राजू, रंजीत पुत्रगण रमेश, निर्भर पुत्र उमेश, भाई धीरज, मां व मौसी के साथ बहन के घर ११:१५ पर पहुंच तो देखा कि बहन का शव पड़ा था। इस दौरान बहनोई गोलू से कहासुनी हो गयी। मेरे साथ आये लोगों ने सूचना डायल ११२ पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही उक्त ससुरालीजन फरार हो चुके थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और तहरीर के आधार पर पति सहित पांच ससुरालियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी।
