मंदिर में माथा टेककर डा0 नवल किशोर शाक्य ने किया नामांकन

समाजवादी पार्टी, गठबंधन दल के सभी प्रतिनिधि रहे मौजूद
सपा प्रत्याशी के नामांकन में दिखायी दी सबसे ज्यादा भीड़
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ0 किशोर शाक्य ने गठबंधन दलों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्टे्रट पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व डा0 नवल किशोर शाक्य ने गुरुगांव देवी मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना करने के बाद वह पार्टी के नेताओं व गठबंधन दलों के नेताओं के साथ केंद्रीय चुनाव कार्यालय पहुंचे। जहां समर्थकों ने फूल मालाओं से लाद दिया। इसके पश्चात वह अपने काफिले के साथ नामांकन करने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे। नामांकन कक्ष के बाहर कुछ समय रुककर कार्यकर्ताओं व समर्थकों से मिले। इस दौरान समर्थकों ने माला पहनाई और फिर प्रस्तावकों के साथ पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी प्रियंका शाक्य के अलावा जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक अजीत कठेरिया, जिला उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह गौर, जिला महासचिव इलियास मंसूरी, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव अहमद अंसारी, पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राशिद जमाल सिद्दीकी, अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र यादव, सिराजुल आफाक उर्फ मुन्ना, ओम प्रकाश शर्मा, अजय श्रीवास्तव उर्फ बिल्लू, जनाधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष, शशांक सक्सेना, छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा, रजतक्रांतिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जनता ने दिया साथ तो जनपद की तस्वीर बदल दूंगा: डा0 नवल किशोर शाक्य

फर्रुखाबाद। नामांकन के बाद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डा0 नवल किशोर शाक्य ने वार्ता के दौरान कहा कि चिकित्सक हमेशा ही सेवा करता है, लेकिन राजनीति में आकर जनता की सेवा करना यह सबसे बड़ी सेवा है। फर्रुखाबाद की जनता ने सबको मौका दिया है, लेकिन इस बार हमें अपना बेटा समझकर फर्रुखाबाद से अपना प्रतिनिधि बनाकर लोकसभा भेजने का काम करती है तो मैं विश्वास दिलाता हूं कि जो भी मुझे वेतन मिलेगा, पूरा गरीब बच्चों की शिक्षा पर खर्च करूंगा। यही नहीं मिलने वाली निधि विकास कार्यों पर खर्च होने वाली धनराशि जनता तय करेगी। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों से कम्पिल कताई मिल बदहाली के आंसू बहा रहा है। उसे चालू कराने का पूरा प्रयास करेंगे। साथ ही चीनी मिल का आधुनिकरण करायेंगे और किसानों को आलू का अच्छा मूल्य मिल सकें, इसके लिए आलू आधारित उद्योग लगवाया जायेगा। लोहिया अस्पताल में हार्टअटैक जैसी गंभीर बीमारी के लिए चिकित्सक न होने पर अफसोस जताते हुए कहा कि ऐसे में मरीज की उपचार के अभाव में जान चली जाती है। उसके लिए प्रयास करूंगा। चुनाव मैं नहीं जनता लड़ रही है। किसान दिन में खेतों में काम करता है और वह रात को अपनी फसल रखाता है, ऐसे में कई बार छुट्टा जानवर हमलावर हो जाते है। भाजपा सरकार ने किसानों के लिए कुछ भी नहीं किया। इस सरकार में महंगाई बेरोजगारी चरम सीमा पर है। सपा सरकार में जो भी जन कल्याणकारी योजनायें चलायी गई उसका जनता को सीधा लाभ मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *