पदभार संभालने के बाद डॉ प्रतिभा ने की कुलपति डॉ बिजेंद्र सिंह से शिष्टाचार भेंट।

समृद्धि न्यूज़ अयोध्या।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ बिजेंद्र सिंह ने कृषि जीव एवं रसायन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ प्रतिभा सिंह को कृषि महाविद्यालय का अधिष्ठाता नियुक्त किया है।कुलपति डॉ सिंह ने यह निर्णय उनकी कार्य क्षमता एवं कुशल नेतृत्व को देखते हुए लिया है।कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद डॉ.प्रतिभा पहली ऐसी महिला हैं जिन्हें कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।अपना पदभार संभालने के बाद डॉ प्रतिभा ने कुलपति कार्यालय पहुंचकर कुलपति डॉ सिंह से शिष्टाचार भेंट की।ज्ञांत हो कि कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता पद पर कार्य कर रहे डा. वेद प्रकाश गत 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो गए।डा. प्रतिभा कृषि विश्वविद्यालय में 23 मार्च 1992 से अपनी सेवाएं दे रहीं हैं और वे वाराणसी जिले की मूल निवासी हैं।डॉ प्रतिभा को न्यूट्रिशियन पर दो किताबें लिखने का भी श्रेय प्राप्त है।उन्होंने पीएचडी की डिग्री आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय से तथा स्नातक की शिक्षा हरियाणा एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय से प्राप्त की है।इस मौके पर डॉ प्रतिभा ने कहा कि कुलपति डॉ सिंह के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि छात्र हित उनके लिए सर्वोपरि होगा और सामने आने वाली किसी भी प्रकार की बाधा को दूर करने का प्रयास किया जायेगा।डा. प्रतिभा के अधिष्ठाता बनाए जाने पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
