गांव में हुए विवाद का जबरियन समझौते का बना रहे थे दबाव
अनगिनत मुकदमे लगाकर जेल में डालने की धमकी, इससे पहले भी चौकी इंचार्ज पर लग चुके है कई आरोप
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। नशे में धुत चौकी इंचार्ज ने ग्राम प्रधान के साथ अभद्रता की। विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट कर धमकी दी कि कहीं भी शिकायत की तो अनगिनत मुकदमे लगाकर जेल में डाल दूंगा और प्रधानी करना भूल जाओगे। पीडि़त ने क्षेत्राधिकारी से लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगायी।
क्षेत्राधिकारी से की गई शिकायत में सुनील कुमार पुत्र स्व0 मातादीन निवासी ग्राम ब्रहमपुरी थाना मेरापुर जनपद फर्रुखाबाद ने कहा कि वह वर्तमान में मौजा पिलखना का ग्रामप्रधान है। गांव के श्यामसिंह पुत्र रामस्वरूप व नीरज उर्फ लालता प्रसाद, प्रदीप, जितेन्द्र, गौतम पुत्रगण जयसिंह के बीच 25 मार्च को झगड़ा हो गया था। श्यामसिंह द्वारा पुलिस को सूचना दी गयी, परन्तु पुलिस मौके पर नहीं आई तथा नीरज द्वारा पुलिस को सूचना करने पर पुलिस गांव में आई थी।
तथा समझौता कराने हेतु 26 मार्च को रात्रि 10 बजे करीब मेरे घर पर चौकी इचार्ज अचरा नरेन्द्र सिंह अपने हमराहियों के साथ आये। चौकी इंचार्ज नरेन्द्र सिंह काफी नशे में थे। चौकी इंचार्ज ने समझौता कराने का मुझ पर दबाव बनाया तो मैंने कहा कि जिन लोगों का झगड़ा है उन लोगों से आप बात कर लो, मैं कैसे किसी पर दबाव बना सकता हूं। इतना सुनते ही भद्दी-भद्दी व जाति सूचक गालिया देते हुए बोले कि तेरी प्रधानी भुला दूंगा और अपनी सर्विस रिवाल्वर मुझ पर तान दी। चीखपुकार सुनकर घर की महिलायें बाहर आ गयी और आसपास के लोग एकत्रित हो गये। चौकी इंचार्ज व उनके साथ आये अन्य पुलिस कर्मियों ने डंड़े से महिलाओं के साथ मारपीट की। स्थानीय लोगों के विरोध करने पर चौकी इंचार्ज बोले की अगर तूने कहीं शिकायत की तो इतने मुकदमे लिखवा दूंगा कि जेल में सड़ता रहेगा और धमकी देकर चले गये। पीडि़त व उसका परिवार काफी भयभीत है। क्षेत्राधिकारी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगायी। बताते चले कि चौकी इंचार्ज नरेन्द्र सिंह का विवादों से पुराना नाता है, जब वह नवाबगंज थाने में थे, तब भी शराब के नशे में महिलाओं के साथ अभद्रता करने का आरोप लगा था। यही नहीं अन्य कई गंभीर आरोप है। इस घटना के संदर्भ में जब पुलिस अधीक्षक से जानकारी करनी चाही क्या कार्यवाही हो रही है तो पीआरओ ने बताया कि प्रधान का सुबह फोन तो आया था। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष को बता दिया गया है।
नशे में धुत चौकी इंचार्ज ने ग्राम प्रधान से अभद्रता कर महिलाओं को पीटा
