बच्चों में गणित के बेसिक ज्ञान का मिला अभाव
शिक्षा का स्तर सुधार करने व प्रतिदिन 30 मिनट सामान्य ज्ञान की जानकारी देने के दिये निर्देश
निर्माण में लगायी जा रही खराब गुणवत्ता की ईंट
बीडीओ को गुणवत्ता पूर्ण ईंट व पौधे लगाने के दिये निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी डॉ0 वीके सिंह ने पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय झसी वि0ख0 कमालगंज का निरीक्षण किया। विद्यालय में शिक्षा का स्तर खराब पाया गया तथा बच्चों में गणित के बेसिक ज्ञान का अभाव पाया गया। जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई। डीएम ने विद्यालय में शिक्षा के स्तर में सुधार करने व प्रतिदिन 30 मिनट सामान्य ज्ञान की जानकारी देने हेतु निर्देशित किया। विद्यालय में साफ -सफाई व्यवस्था चौपट मिली।
वहीं पंखे गंदे मिले, पानी की टोटी खराब पाई गई, खिड़कियों पर जाली सही तरीके से नहीं लगी पाई गई। शौचालय की स्थिति खराब पाई गई। डीएम ने शौचालय में टाइल्स लगवाने के निर्देश दिये। उन्होंने मिड-डे-मील में प्रयोग की जा रही खाद्य सामिग्री व मसालों को भी देखा। विद्यालय परिसर में हो रहे निर्माण कार्यों में प्रयोग की जा रही ईटों की गुणवत्ता खराब पाई गई। डीएम ने नाराजगी जताते हुए बीडीओ को र्इंटों को बदलने एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने व विद्यालय में पेड़-पौधे लगवाने के निर्देश दिये। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी व खंड शिक्षाधिकारी तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
क0वि0 झसी के निरीक्षण में डीएम को व्यवस्थायें मिली चौपट, जतायी नाराजगी
