बाढ़ का पानी कम होने पर क्षतिग्रस्त सडक़ से बढ़ायीं दुश्वारियां

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना राजेपुर में तिवारी मार्केट के सामने सडक़ पर बाढ़ के पानी से भले ही आसपास के दुकानदारों व राहगीरों को राहत मिल गयी हो, लेकिन सडक़ क्षतिग्रस्त व गड्ढायुक्त हो गयी है। जिससे वाहन चालकों व राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताते चलें कि तीन दिन पहले तक यहां करीब 3 फिट तक बाढ़ का पानी भरा हुआ था। पानी उतरने के बाद सडक़ की स्थिति खराब हो गई है। छोटे और बड़े वाहनों को निकालने में चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। राहगीरों को गड्ढों से बचते हुए अपना रास्ता बनाना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदार राम प्यारे, सेवाराम, ललित कुमार, ज्ञानू कुमार, महेश चंद्र और विनीत कुमार ने बताया कि पानी कम होने के बाद सडक़ की स्थिति और खराब हो गई है। गड्ढों में जमा पानी से आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। लोगों को अपनी दैनिक गतिविधियों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जरा सा चूक जाने पर वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। राहत के समय यहां से गुजरा खतरे से खाली नहीं है। आसपास के लोगों ने जिलाधिकारी से उपरोक्त सडक़ की मरम्मत कराये जाने की मांग की है। जिससे लोगों को परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *