व्यापार बंधु की बैठक में नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा के संचालन का उठाया गया मुद्दा
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला व्यापार बंधु की बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में व्यापारियों द्वारा बिना नंबर के ई-रिक्शों व नाबालिगों द्वारा ई रिक्शा के संचालन का मुद्दा उठाया गया। जिस पर सीडीओ ने निर्देशित किया कि शहर में ई रिक्शा संचालन हेतु जो 23 रुट निर्धारित है उन पर बिना नम्बर के ई रिक्शा न चले, नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शो का संचालन न हो व ई-रिक्शों पर माल की ढुलाई न हो। अभियान चला कर इन्फोर्समेंट की कार्यवाही की जाये। व्यापारियों द्वारा शहर में पार्किंग न होने का मुद्दा उठाया गया। सीडीओ ने लाल सराय में बन रही पार्किंग का कार्य जल्द पूर्ण करा हस्तान्तरित करने के निर्देश दिये। असिस्टेंट कमिश्नर लेबर को साप्ताहिक बंदी का पालन कराने के लिये निर्देशित किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग को आगामी त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थो के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिये गये। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व, नगर मजिस्ट्रेट, व संबंधित अधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।
निर्धारित रुटों पर बिना नम्बर के न चले ई-रिक्शा: सीडीओ
