ईडी ने पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद के खिलाफ 17 मामलों में चार्जशीट की दाखिल

कृत्रिम अंग व उपकरण वितरण के घोटाले का मामला
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। डॉ0 जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट के माध्यम से कृत्रिम अंग व उपकरण वितरण के घोटाले में पूर्व विदेश मंत्री की पत्नी पूर्व विधायक सहित चार लोगों के खिलाफ सभी 17 मामलों में ईडी आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। इसी संदर्भ में ईडी की टीम फर्रुखाबाद में पहुंचने की चर्चा है। पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद व अन्य आरोपियों की मुश्किलें बढ़ सकती है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय ने 11 अगस्त 2025 को अभियोजन शिकायत पीसी दायर की थी, जिसमें डॉ0 जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट, लुईस खुर्शीद पत्नी सलमान खुर्शीद और मोहम्मद अथर पर लगे 45.92 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करने और धन शोधन के अपराध में दोषी ठहराए जाने की मांग की गई थी। इन आरोपियों पर ट्रस्ट द्वारा कृत्रिम अंग और उपकरण वितरित करने में सरकारी धन के दुरुपयोग से संबंधित आरोप थे, जिसका उपयोग ट्रस्ट ने अपने निजी लाभ के लिए किया था। विशेष पीएमएलए न्यायालय लखनऊ ने 25 नवम्बर 2025 को इस पीसी का संज्ञान लिया। ईडी ने उत्तर प्रदेश पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा डॉ0 जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट के प्रतिनिधि प्रत्युष शुक्ला और अन्य के खिलाफ दर्ज 17 एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रस्ट के तत्कालीन सचिव अथर फारूकी उर्फ मोहम्मद अथर और तत्कालीन परियोजना निदेशक लुईस खुर्शीद के खिलाफ सभी 17 मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए हैं।
ईडी की जांच में पता चला कि ट्रस्ट को प्राप्त 71.50 लाख रुपये की अनुदान राशि का उपयोग केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत शिविरों के आयोजन के लिए नहीं किया गया था। आरोप है कि इस धनराशि का दुरुपयोग प्रत्युष शुक्ला, मोहम्मद अथर और लुईस खुर्शीद ने ट्रस्ट के हितों और अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए किया। इससे पहले ईडी ने उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में कृषि भूमि के रूप में 29.51 लाख रुपये मूल्य की 15 अचल संपत्तियों और ट्रस्ट से जुड़े चार बैंक खातों में पड़े 16.41 लाख रुपये की राशि को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया था। इसी मामले में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ईडी की टीम ने फर्रुखाबाद देर शाम पहुंचकर डेरा डाल लिया। फिलहाल इस संदर्भ में अभी तक जिला स्तर के किसी अधिकारी ने आने की पुष्टि नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *