सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने की जांच पड़ताल, भरा पंचनामा
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। कोतवाली क्षेत्र के गाँव ब्राहिमपुर जागीर निवासी रविन्द्र ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर कहा है कि उसके बड़े भाई ने तहसील ले जाकर उसकी माँ 85 वर्षीय से पैतृक मकान की जबरन वसीयत करा ली है। विरोध करने पर उसे पकडक़र बाहर निकाल दिया गया और इसी बीच मां से अंगूठा लगवाकर वसीयत करा ली। आरोप है कि बड़ा भाई उन्हें अपने साथ घर भी ले गया। रविन्द्र ने कहा कि उसकी मां काफी कमजोर हैं। चलने फिरने में असमर्थ हैं और कई दिनों से भोजन भी नहीं कर पा रही हैं। उसने पुलिस से मां से मिलवाने की मांग की। इंस्पेक्टर ने पुलिस टीम भेजकर मिलवाने का आश्वासन दिया और जांच कराई।
रविवार सुबह करीब सात बजे 112 और कोतवाली पुलिस को रविंद्र ने सूचना दी कि बड़े भाई ने उसकी मां की गला दबाकर हत्या कर दी है। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, एसएसआई सुरजीत सिंह यादव, कस्बा चौकी इन्चार्ज सोमवीर सिंह, महिला एसआई सुधा पाल के साथ मौके पर पहुंचकर जाँच पडताल की। फॉरेंसिक टीम ने भी पहुँचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों से घटना के बारे में जानकारी की। मृतका की तीनों बेटियों और आरोपित बड़े बेटे ने पुलिस को बताया कि उनकी मां की तबीयत पहले से ही खराब थी और रिश्तेदार भी आकर देख चुके थे। वसीयत के मामले पर आरोपित बड़े बेटे ने चुप्पी साध ली। जब पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की, तो शिकायतकर्ता रविन्द्र और उसके भाई बहन व परिजन पहले पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी नहीं थे। पुलिस ने मामले को विवादास्पद बताते हुए समझाया। जिसके बाद परिजन तैयार हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वृद्धा की मौत, बड़े भाई पर वसीयत कराकर हत्या करने का लगाया आरोप
