उन्नाव,समृद्धि न्यूज। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में गंगा नदी में अधेड कूद गया। जिसे देख गोताखोरों ने उसे बाहर निकाला लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, एक 50 वर्षीय व्यक्ति कुछ देर तक घाट किनारे टहलता रहा और फिर अचानक नदी में कूद गया। यह देख आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर बालू घाट चौकी इंचार्ज गजेंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने लगभग आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद, नदी से शव को बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष है। शव के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिले, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक को पहचानने की पुष्टि नहीं की जा सकी।
बालूघाट चौकी इंचार्ज गजेंद्र ने बताया, मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
