पुलवामा शहीदों को दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शनिवार को कृष्णा देवी बालिका डिग्री कालेज आवास विकास में पुलवामा हमला ब्लैक-डे के उपलक्ष्य में १४ फरवरी २०१९ को हुई संवेदनशील घटना को स्मरण करते हुए वीर शहीद सी.आर.पी.एफ. जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। प्राचार्या डॉ0 रुबी यादव ने बताया कि यह दिन हमारे राष्ट्र के इतिहास में शोक और गर्व दोनोंं भावनाओं के साथ अंकित है। आज के दिन जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादियों द्वारा हमारे सुरक्षा बलों के काफिले पर कायरतापूर्ण हमला किया गया, जिसमें सी.आर.पी.एफ.के ४० वीर जवान शहीद हो गये। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंक संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। पुलवामा हमला केवल सुरक्षा बलों पर हमला नहीं था, बल्कि पूरे भारत की आत्मा पर प्रहार था, परन्तु हमारे देश की विशेषता यह है कि हर संकट हमें और मजबूत बनाता है। हमारे जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्रकी रक्षा की है। उनका बलिदान हमें सदा प्रेरित करता रहेगा। साथ ही साथ प्राचार्या रुबी यादव ने यह भी बताया कि एक शैक्षणिक संस्थान के रुप में हमारा कर्तव्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण करना भी है। हमें अपने युवाओं में राष्ट्र भक्ति, अनुशासन, सहिष्णुता और एकता की भावना को विकसित करना चाहिए, क्योंकि आतंकवाद का उत्तर नफरत से नहीं, बल्कि जागरुकता, एकजुटता और मजबूत राष्ट्रीय चरित्र से दिया जा सकता है। आज हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम देश की एकता और अखण्डता की रक्षा करेंगे, समाज में शांति और सद्भाव बनाये रखेंगे। यही हमारे शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अंत में शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *