उन्नाव,समृद्धि न्यूज़। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के गोपीनाथपुरम मोहल्ले में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। दिनदहाड़े बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार को धमकाया और लाखों की संपत्ति लूट ले गए। वारदात के वक्त घर में कुसुम श्रीवास्तव, उनकी 86 वर्षीय मां मुन्नी देवी और नौकरानी विमला मौजूद थीं। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गोपिनाथ पुरम निवासी कुसुम श्रीवास्तव के अनुसार, दोपहर के समय कुछ अज्ञात बदमाश घर में जबरन घुस आए और परिजनों को धमकाकर कीमती सामान लूट लिया। बदमाशों ने घर से 45 हजार नकद, तीन जोड़ी चांदी की पायल, एक सोने की अंगूठी, कुछ चांदी के सिक्के और नौकरानी का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी दीपक भूकर, एएसपी अखिलेश सिंह, और गंगाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से पूछताछ की और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि मामले की जांच के लिए 5 टीमें गठित की गई हैं, जो तकनीकी और मैन्युअल दोनों स्तरों पर जांच में जुटी हैं।
पुलिस ने बताया कि घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फील्ड यूनिट और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया है, जिन्होंने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
दिनदहाड़े घर में घुसकर, बुजुर्ग मां और नौकरानी से बदमाशों ने लाखों की संपत्ति लूटी
