48 घंटे बाद भी युवक लापता, गोरक्षा दल और हिंदू संगठनों ने पुलिस को दी चेतावनी

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। राजेपुर थाना क्षेत्र से युवक के लापता हुए 48 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं जुटा सकी है। परिजनों की व्याकुलता और पुलिस की निष्क्रियता से क्षुब्ध होकर गोरक्षा दल, शिव शक्ति अखाड़ा और विश्व हिंदू परिषद सहित कई हिंदू संगठनों ने शनिवार को राजेपुर थाने पर प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुलिस को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द युवक बरामद नहीं हुआ तो राजेपुर थाने की ईंट से ईंट बजा देंगे। सूचना मिलने पर सीओ अजय वर्मा मौके पर पहुंचे। सीओ अजय वर्मा से वार्ता के दौरान जब कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला, तो कार्यकर्ता भडक़ उठे। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने थाना परिसर में जमकर नारेबाजी की। राजेपुर थाना मुर्दाबाद, पुलिस प्रशासन होश में आओ, हम लाठियां चलाना भी जानते हैं। जिससे स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को प्रदर्शनकारियों को बलपूर्वक थाने से बाहर निकालना पड़ा।

गोताखोर उतारे, फिर भी युवक का नहीं लगा सुराग

सीओ अजय वर्मा के अनुसार युवक की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। पुलिया के समीप बाढ़ के पानी में गोताखोरों को भी उतारा गया, लेकिन घंटों की मशक्कत के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिला। इससे स्थानीय जनता में यह धारणा गहराती जा रही है कि पुलिस खानापूरी में लगी है, जबकि परिजनों और संगठनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

चार हिरासत में, लेकिन कार्रवाई नाकाफी

पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, किन्तु अभी तक न युवक का पता चल सका और न ही किसी की गिरफ्तारी हुई है। सवाल यह है कि क्या पुलिस तब भी इतनी धीमी रहती, अगर लापता व्यक्ति कोई प्रभावशाली चेहरा होता।

संगठनों की चेतावनी, युवक नहीं मिला तो होगा चक्का जाम

प्रदर्शन के दौरान शिव शक्ति अखाड़ा के प्रमुख विशाल गंगवार, विश्व हिंदू परिषद के गोरक्षा प्रमुख नूतन चतुर्वेदी, हिंदू महासभा के नगर अध्यक्ष अनमोल पांडे, गोरक्षक अभय चौहान सहित शिवम अवस्थी, अंकित अवस्थी, दलवीर सिंह, लवली पाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इन सभी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे में युवक का सुराग नहीं लगा, तो जनपद के सभी थानों पर घेराव कर सडक़ जाम और जिला स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। हम केवल भगवा पहनते नहीं, आवश्यकता पडऩे पर लडऩा भी जानते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *