फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आजादी के 78 वर्ष बाद भी हिन्दी भाषा के साथ दोयम दर्जे जैसा सलूक हो रहा है। कायमगंज विकास खण्ड प्राथमिक विद्यालय मदारपुर के प्रधानाध्यापक राजकिशोर शुक्ला ने हिन्दी दिवस पर कहा कि हिन्दुस्तान में हर वर्ष चौदह सितम्बर को हिन्दी दिवस मनाया जाता है, लेकिन हमारे देश का संविधान आजादी के 78 साल बाद भी हिन्दी भाषा को वह स्थान नहीं दिला पाया जिसकी वह अधिकारी है। आज के दिन हम राष्ट्र भाषा हिन्दी दिवस मनाने का ढोंग तो खूब करते हैं, लेकिन देश की संसद और न्याय पालिका में हिन्दी भाषा बोलने में अपनी तौहीन समझते हैं, यह राष्ट्र भाषा हिन्दी का अपमान नहीं तो और क्या है। सोशल मीडिया में भी अब हिन्दी का चलन खूब बढ़ता जा रहा है। हमारे देश के प्रधानमंत्री भी विदेशों में जाकर हिन्दी में भाषण देकर राष्ट्र भाषा हिन्दी के गौरव को बढ़ावा दे रहे हैं। इसलिए सच्चे अर्थों में हिन्दी को राष्ट्रभाषा का दर्जा तभी मिलेगा जब देश की संसद में, न्याय पालिका में, चिकित्सा और कानून की पढ़ाई हिन्दी भाषा में तथा बैंकिंग आदि की सेवाओं में पूरी तरह हिन्दी भाषा का प्रयोग किया जायेगा।
आजादी के 78 साल बाद भी हिन्दी भाषा के साथ दोयम दर्जे का सलूक: राजकिशोर
