पांच करोड़ खर्च होने के बाद भी डीएम आवास के बाहर सड़क पर अन्ना पशुओं का कब्जा

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी आवास के बाहर आवारा जानवरों ने सड़क पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया है। जिससे आये दिन दुर्घटनायें होती रहती हैं। जबकि नगर पालिका करीब 5 करोड़ रुपया इन जानवरों को पकडऩे पर खर्च कर चुकी है। जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट गेट के बाहर से जिलाधिकारी आवास तक रात्रि से सुबह तक आवारा जानवरों का पूरी तरह से कब्जा रहता है। इन जानवरों से रात्रि में कई वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं और अपने हाथ पैर तक तुड़वा चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी इन पर लगाम नहीं लग पा रही है। नगर पालिका ने इन जानवरों को पकडऩे के लिए नगर में अभियान चलाया था। कुछ दिन अभियान चलाने के बाद बंद कर दिया गया। जिससे कई जानवर आज भी सड़कों पर खुलेआम विचरण करते देखे जा रहे है। नगर पालिका का कहना है कि वह इन जानवरों को पकडऩे में अब तक करीब 5 करोड़ रुपया खर्च कर चुकी है। बताते हैं कि बीती 30 अगस्त को एक वाहन चालक डीएम आवास के सामने रात्रि में इन जानवरों से टकराकर बुरी तरह से घायल हो गया था। ऐसी कई घटनाएं अब तक इन आवारा जानवरों से घट चुकी हैं, लेकिन इसके बाद भी इन जानवरों को पकड़वाने की जेहमत नहीं उठायी जा रही है। जबकि मामला डीएम आवास के बाहर का होने के बाद भी जिम्मेदार नहीं चेत रहे हैं। इससे ऐसा प्रतीत होता कि शायद नगर पालिका किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *