फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पंचकुला हरियाणा में आयोजित इंडियन इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल आईआईएसएफ में सीपी इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में आर्यभट्ट गु्रप के इंचार्ज एवं बीबीएम के प्रदेश प्रभारी मनोज चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। सीपी इंटरनेशनल स्कूल से अनुज चतुर्वेदी के संरक्षण में स्वतंत्र प्रताप सिंह, अर्जुन सिंह, अकुर चंदेल एवं देव मिश्रा सहित अन्य छात्र सम्मिलित हुए। विद्यार्थियों ने विज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जटिल प्रश्नों के सटीक उत्तर दिए तथा अनेक पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त किए। उन्हें ट्रैकसूट एवं अन्य शैक्षिक सामग्री भी प्रदान की गई। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से हटकर व्यवहारिक एवं जीवनोपयोगी विज्ञान शिक्षा से परिचित कराया गया। कार्यक्रम में नालंदा विलेज, डीआरडीओ, इसरो, आईटीएम एवं पृथ्वी मंत्रालय सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों की सहभागिता रही। विद्यालय की निदेशक डॉ0 मिथिलेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। मैनेजिंग डायरेक्टर ज्योत्सना अग्रवाल एवं उपनिदेशक अंजू राजे ने इसे छात्रों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। प्रधानाचार्य संजय बिष्ट ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय मंच विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, आत्मविश्वास एवं नवाचार की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
इंडियन इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल में सीपी के छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
