कायमगंज, समृद्धि न्यूज। नगर पालिका परिषद कायमगंज के अधिशासी अधिकारी डा0 लव कुमार मिश्रा द्वारा रविवार को प्रात: वार्ड संख्या 21 आजाद नगर में सफाई, पथ प्रकाश, निर्माण, अतिक्रमण, पेयजल आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी द्वारा नाला व नाली के ऊपर अतिक्रमण करने वालों को कड़ी चेतावनी दी तथा अपना अतिक्रमण तत्काल हटाने हेतु निर्देशित किया गया। भविष्य में अतिक्रमण न हटाए जाने की स्थिति में अतिक्रमणकर्ताओं के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही किए जाने हेतु चेतावनी भी दी गई। ईओ की इस चेतावनी से छुटभैया दुकानदारों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। दुकानदारों का कहना था कि वह रोज कमाने खाने वाले हैं। दुकान हटाने से उनके सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो जायेगा। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद सुनील गुप्ता, पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप शाक्य, अवर अभियंता (जल) प्रशांत कुमार, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अनिल कुमार आजाद, सफाई नायक रवि कुमार आदि उपस्थित रहे।
