सीएचसी में मरीजों को दी जा रहीं एक्सपायरी दवाएं

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्यकर्मियों की अनदेखी के कारण मरीजों को एक्सपायरी दवाएं दी जा रही हैं। एक्सपायरी दवाएं खाने से मरीजों की जिंदगी भी खतरे में आ सकती है, लेकिन स्वस्थ कर्मी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे है। स्वास्थकर्मियों की अनदेखी का आलम रविवार को उस समय देखने को मिला, जब सुबह लगभग साढ़े दस बजे मार्ग दुर्घटना में घायल नगर के नया गनीपुर निवासी संदीप राठौर को उपचार हेतु सीएचसी नवाबगंज लाया गया। वहां मौजूद फार्मासिस्ट आलोक कुमार ने घायल संदीप राठौर को इमरजेंसी में भर्ती कर उसका प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद उसे दवाएं दी गईं। दवाओं में लीवोफलाक्सासिन टैबलेट जुलाई माह में एक्सपायर हो चुकी थी, लेकिन फार्मासिस्ट ने इस ओर कोई ध्यान न देकर एक्सपायर टैबलेट मरीज को खाने के लिए दे दी, लेकिन मरीज ने सीएचसी नवाबगंज से दी गई एक्सपायर दवा को देखने के बाद उसने दवाओं का सेवन नहीं किया। यदि मरीज एक्सपायर दवा का सेवन कर लेता, तो उसको फायदे की जगह नुकसान हो सकता था। वहीं सीएचसी अधीक्षक डाक्टर लोकेश शर्मा ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। फार्मासिस्ट को किसी भी मरीज को एक्सपायरी दावा नहीं देनी चाहिए। मामले की जांच की जाएगी। बताते चलें कि यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पूर्व भी कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ऐसे मामले प्रकाश में आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *