सावन के अंतिम सोमवार को पुठरी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

समाजसेवियों ने किया भंडारा, श्रद्धालुओं ने छका प्रसाद
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। सावन के पवित्र महीने के चौथे सोमवार को नगर के पुठरी मंदिर पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी पुठरी मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। वहीं समाजसेवियों ने भंडारा किया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव पुठरी में बने ऐतिहासिक शिव मंदिर पर सावन के पवित्र महीने के चौथे सोमवार को आज भक्तों का भारी जन सैलाब उमड़ा। हर-हर महादेव तथा बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। मंदिर परिसर में पूजा अर्चना करने वालों की सुबह से ही भीड़ एकत्र हो गई थी। सुबह 3:00 बजे से लोग अपनी कावड़ें लेकर आने लगे। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल राजपूत ने भी मंदिर पर पहुंचकर पूजा अर्चना की। इसके साथ ही गांव ककिउली के रामताल आश्रम में स्थित शिव मंदिर, गांव बबुरारा गढिय़ा के बलभद्रा आश्रम में स्थित शिव मंदिर, नवाबगंज नगर के मुहल्ला बरतल स्थित कलावती शिव मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर, मुख्य बाजार स्थित शिव मंदिर, मुहल्ला पुराना गनीपुर स्थित शिव मंदिर समेत क्षेत्र के गांवों के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, दूध, शहद, मिष्ठान, फल आदि चढ़ाकर हर-हर महादेव की गूंज के साथ शिव का जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक किया। मंदिरों में शाम तक शंख, घंटों की ध्वनि के साथ भगवान शिव की पूजा आरती का दौर चलता रहा। वहीं क्षेत्र के समाज सेवी तथा भाजपा नेता योगेंद्र सिंह स्वदेशी, उनके पुत्र विजय प्रताप ने एक विशाल भंडारे का आयोजन किया। जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सावन का अंतिम सोमवार होने के चलते भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। यहां पर विशाल मेला भी लगा। इस मौके पर भाजपा नेता योगेंद्र सिंह, सुदेश राठौड़, विजय प्रताप सिंह राठौड़, जय प्रताप सिंह राठौड़, अमित प्रताप सिंह राठौड़, आलोक सिंह, ऋषभ सिंह, कुलदीप यादव, ऋतुराज, विजय बाबू सहित तमाम भक्तगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *