बांगरमऊ उन्नाव। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के ग्राम अवस्थी खेड़ा निवासी कमलेश का बेटा रामजी 18 वर्ष नगर के संडीला मार्ग पर स्थित भैरवानंद मंदिर के निकट यश ट्रेडर्स में मजदूरी करता था। रविवार को भवन निर्माण में प्रयोग किए जाने वाले कालम के लिए इलेक्ट्रिक कटर मशीन से लोहे की सरिया के रिंग काट रहा था, तभी अचानक रामजी तेज करेंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस कर बेहोश हो गया। यह देखकर फर्म मालिक अनिल गुप्ता का बेटा यश गुप्ता आनन-फानन में उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सभी परिजन भागकर अस्पताल आ पहुंचे। परिजनों ने फर्म मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव बाइक पर रख उसे लेकर फर्म के सामने संडीला मार्ग पहुंचे। परिजनों ने सड़क पर लकड़ी की बेंच डालकर उस पर शव रख दिया जिससे सड़क पर वाहनों का आवाहन अवरुद्ध हो गया। मार्ग अवरूद्ध होने की खबर मिलते ही कोतवाली के अपराध निरीक्षक राम नारायण यादव और कस्बा चौकी इंचार्ज राजीव भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे और परिजनों को समझने की कोशिश की। करीब दो घंटे तक जाम लगने के बाद उपजिलाधिकारी शुभम यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों को फर्म मालिक के खिलाफ कार्यवाही तथा सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन देकर किसी तरह जाम खुलवाया और मार्ग पर वाहनों का आवागमन बहाल कराया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। बेटे की अचानक मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंची मां मनोरमा शव देखते ही दहाड़े मारकर रोने-बिलखने लगी।
कटर मशीन से सरिया काट रहे युवक की करेंट की चपेट में आने से हुई मौत, परिजनों ने लगाया जाम
