प्राइवेट चिकित्सक के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। पेट में दर्द होने पर युवती को परिजन दिखाने प्राइवेट नर्सिंग होम में पहुंचे, जहां पर युवती की मौत हो गयी। परिजनों ने एक प्राइवेट नर्सिंग होम पर चार घंटे तक चले इलाज के नाम पर लापरवाही का आरोप लगाया। पीडि़त परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव सरफाबाद के मजरा गुलरिया निवासी रामगोपाल पुत्र विभूति प्रसाद ने बताया कि मेरी पुत्री मालती देवी उम्र लगभग 22 वर्ष के पेट में शाम को दर्द हुआ। जिस पर गांव के एक डॉक्टर से दवाई लेकर उसको दी।जिस पर उसे आराम मिल गया तथा सुबह उसके फिर दर्द हुआ, तो उसको लेकर कमालगंज स्थित प्राइवेट शकुंतला नर्सिंग होम में पहुंचे। जहां उसको नर्सिंग होम में करीब १०:०० बजे भर्ती कराया। जिसका इलाज लगभग 1:00 तक चला। इसके बाद भी उसे राहत नहीं मिली तथा डॉक्टर बोतले चढ़ते रहे। अधिक पीड़ा होने पर जब डॉक्टर कंट्रोल नहीं कर पाए, तो डॉक्टर यश प्रताप सिंह ने उसको बाहर के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल से बाहर निकलते ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसको टेंपो से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर पहुंचे। जहां उसको डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जिस पर परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ थाने के सामने टेंपो को रोककर पुलिस को शिकायती पत्र दिया तथा जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। सूचना मिलने पर पहुंचे थाना अध्यक्ष राजीव कुमार ने पीडि़त परिवारीजनों को समझाकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
उपचार के दौरान युवती की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
