उन्नाव, समृद्धि न्यूज। आसीवन थाना क्षेत्र में लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार किसान की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल किसान को पीआरवी पुलिस ने मियागंज सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम हाथी खेड़ा निवासी रामसजीवन 60वर्ष पुत्र स्व. छेदा बीती शाम अपने निजी कार्य से नंगा खेड़ा गांव गए थे। जिसके बाद घर लौटते समय बारी थाना के समीप लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर अज्ञात वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रामसजीवन को मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां डॉक्टर दिनेश कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी पर आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उपनिरीक्षक मानिक राम वर्मा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक रामसजीवन खेती कर अपना जीवन यापन करते थे। उनके दो पुत्र अनिल और सुनील तथा दो पुत्रियां उधमा और पिंकी हैं, पत्नी केशवती हैं।
