जंगली जानवर के हमले से किसान घायल, अस्पताल में भर्ती

जहानगंज क्षेत्र की घटना, लोगों में दहशत, मौके पर पहुंची पुलिस
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जनपद में फिर जंगली जानवर का आतंक फैल गया। जिससे क्षेत्रीय लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया। जहानगंज क्षेत्र में एक किसान खेल में लगी आलू की फसल की रखवाली करने गया था। रात्रि के समय में वह शौच करने गया, तभी एक जंगली जानवर ने ग्रामीण के ऊपर हमला कर दिया। जिससे वह ग्रामीण गंभीर रुप से घायल हो गया। किसी तरह अपने आपको जंगली जानवर से बचाया। चीखपुकार की आवाज सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर मौके पर पहुंच गये और सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल ग्रामीण को एंबुलेंस की मदद से लोहिया में भर्ती कराया। रात्रि में ही वन विभाग की टीम ने सर्च आपरेशन चलाया।
जानकारी के अनुसार थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम चौकी महमदपुर निवासी रामअवतार की गांव में तीन बीघा खेत है। जिसमें आलू की फसल कर रखी है। बुधवार देर शाम वह खेत में आलू की फसल की रखवाली करने गये थे। घर वापस आते समय खेत से कुछ दूरी पर स्थित रामपाल के ट्यूबवेल के पास रामअवतार शौच करने लगा। शौच करते समय ही सामने से एक जंगली जानवर ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में रामअवतार डरा गया।

किसी तरह जंगली जानवर से खुद को बचाया। घायल राम अवतार ने बताया कि जंगली जानवर ने उन पर हमला कर हाथ, पैर एवं गाल में काट लिया है। उन्होंने बताया कि अपने बचाव में जंगली जानवर के ऊपर कई प्रहार किये तब कहीं जाकर जंगली जानवर भाग गया। शोर शराबा सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर खेत पहुंच गये और रामअवतार को घायल देखकर सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। जंगली जानवर आने की खबर से क्षेत्र में डर का माहौल बन गया और घरों में घुस गये। कुछ ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर अपने घरों की रखवाली रात भर करते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल रामअवतार को एंबुलेंस की मदद से लोहिया में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर अमन कुमार और डॉ0 जय सिंह के नेतृत्व में टीम ने घायल किसान का उपचार किया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ0 अमन कुमार ने बताया कि प्राथमिक उपचार दे दिया गया है। घायल को वार्ड में भर्ती किया गया है। उसके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रात्रि में ही जंगली जानवर को पकडऩे के लिए सर्च आपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस घटना से फिर एक बार क्षेत्र में दहशत फैल गयी है। बताते चले कि थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में तेंदुआ के हमले से दो दर्जन के करीब लोग घायल हो गये थे। जिसमें विभागीय अधिकारी भी घायल हुए थे। डीएम एसपी ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा व घायलों से बातचीत की थी। कड़ी मशक्कत के बाद कानपुर से आयी टीम ने तेंदुआ को पकड़ कर अपने साथ ले गयी थी। एक बार जंगली जानवर के आने से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *