भैस चराने गए किसान की सेवटी नदी में डूबने से मौत  

हलिया (मिर्ज़ापुर):क्षेत्र के दुर्जनीपुर गांव में मंगलवार दोपहर भैंस चराने गए किसान की सेवटी नदी में डूबने से मौत हो गई। दूसरे दिन सेवटी नदी में किसान का शव मिलने पर स्वजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र आशीष कुमार सिंह की सूचना पर पुलिस ने घटना की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्जनीपुर गांव निवासी 65 वर्षीय किसान विधि नारायण मंगलवार को अपनी भैंसों को चराने के लिए गांव स्थित सेवटी नदी के किनारे गए थे। भैंस चराने के दौरान किसान का पैर अचानक सेवटी नदी में फिसल गया। जिससे पानी के तेज बहाव में बहने से किसान की डूबकर मौत हो गई।देर रात तक स्वजन व ग्रामीण नदी में काफी खोजबीन किए लेकिन किसान का पता नही चला। खोजबीन के दौरान बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे के करीब किसान का शव सेवटी नदी के झाड़ियों में फंसा मिलने पर स्वजन रोने बिलखने लगे। मृतक खेती बाड़ी कर परिवार का गुजर बसर करता था। मृतक को एक पुत्र है,पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी निर्मला रोते हुए बेसुध हो गई।मृत किसान के घर पहुंचकर भाजपा नेता मनीष त्रिपाठी ने स्वजनों को ढांढस बंधाते हुए सरकार से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज ब्रह्मदीन पांडेय ने बताया कि भैंस चराने के दौरान दुर्जनीपुर गांव निवासी किसान की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक के पुत्र की सूचना पर घटना की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *