सहकारी समिति में लटका ताला, उवर्रक के लिए भटक रहे किसान

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के बरतल स्थित सहकारी समिति कार्यालय में सोमवार को सुबह 11 बजे तक ताला लटका रहा। इससे खाद लेने आए किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
किसानों ने बताया कि वे पिछले दो सप्ताह से खाद के लिए लगातार गोदाम और दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। सोमवार सुबह भी कई किसान अपना काम छोडक़र खाद लेने पहुंचे थे, लेकिन दफ्तर बंद होने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। खाद न मिलने से परेशान किसानों में नगला दुली निवासी हरिराम, रमेश सिंह, सुरजीत, बदन सिंह और नेत्रपाल शामिल थे। इन किसानों ने बताया कि एक तरफ खेती का समय निकलता जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार अधिकारी समय पर दफ्तर भी नहीं खोल रहे हैं। सुबह 11 बजे के बाद कंप्यूटर ऑपरेटर जैद खान ने सहकारी समिति का गेट खोला। इसके बाद किसानों को खाद वितरित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *