हर रविवार ग्राम पंचायतों में महिलाओं की समस्याएं सुनेंगी पुलिस अधीक्षक
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे अभियानों की तर्ज पर फतेहगढ़ पुलिस ने भी महिलाओं के हित में महिला पंचायत नामक एक विशेष पहल की शुरुआत की है। इस अभियान की शुरुआत रविवार को अमृतपुर के संविलियन विद्यालय से की गई। जहां पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने अभियान का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम का आयोजन अमृतपुर प्रधान सचिन देव तिवारी द्वारा किया गया। प्रधान द्वारा एसपी आरती सिंह को बुके देकर उनका अमृतपुर में स्वागत किया गया। अभियान के अंतर्गत एसपी आरती सिंह हर रविवार जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचकर महिलाओं की समस्याएं सुनेंगी और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने के लिए मार्गदर्शन देंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल संवाद का माध्यम नहीं होगी, बल्कि महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम होगी। महिलाओं को संबोधित करते हुए एसपी आरती सिंह ने कहा आज की नारियां पुरुषों से किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। मैं भी एक स्त्री हूं और जनपद की पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य कर रही हूं। आप सभी अपनी बहन बेटियों को पढ़ाएं, उन्हें आत्मनिर्भर बनाएं। जब आप शिक्षित होकर किसी विभाग में नौकरी करेंगी, तो निश्चित ही आपका सिर गर्व से ऊँचा होगा। उन्होंने महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए और भरोसा दिलाया कि यदि किसी भी महिला के साथ कोई घटना घटती है, तो तत्काल संबंधित थाना पुलिस को सूचित करें। पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अमृतपुर अजय वर्मा ने भी महिलाओं और पुरुषों को जागरूक रहने की सलाह दी। थानाध्यक्ष अमृतपुर मोनू शाक्य ने महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर महिलाएं तुरंत हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करें या थाने पर आकर उन्हें सूचित करें। वे स्वयं आवश्यक कार्रवाई करेंगी। कार्यक्रम में महिला थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह, शॉकिंग चार्ज अमृतपुर विमल कुमार सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
फतेहगढ़ पुलिस ने महिला पंचायत अभियान की अमृतपुर से की शुरुआत
