समृद्धि न्यूज। फतेहपुर में लेखपाल ने एसआईआर के काम से छुट्टी न मिलने के कारण अपनी शादी के एक दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। बताया कि लेखपाल पर काम का अत्यधिक दबाव था, जिसके चलते वह तनाव में थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या करने वाले लेखपाल ने जहानाबाद के एसडीएम और चुनाव अधिकारी पर प्रताडऩा का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर जिले में बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा कस्बा निवासी लेखपाल सुधीर कुमार कोरी ने शादी से एक दिन पहले फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुधीर जहानाबाद विधानसभा में एसआईआर का कार्यरत थे। उनकी शादी 26 नवंबर को होनी थी और घर में पहले ही शादी की रस्में शुरू हो चुकी थीं। लेखपाल सुधीर कुमार की मौत के बाद से जहां शादी वाले घर में मातम छाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और फांसी के फंदे से शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक लेखपाल की बहन ने आरोप लगाया कि भाई की शादी 26 नवंबर को होनी थी। शादी के लिए भाई ने छुट्टी मांगी, लेकिन उसे जहानाबाद के चुनाव अधिकारी और एसडीएम संजय कुमार सक्सेना ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का फार्म भरवाने के लिए धमकी दी। बहन ने आरोप लगाया कि चुनाव अधिकारी ने कहा था कि नौकरी करना है तो करो नहीं तो निलंबित कर देंगे। बहन ने बताया कि मंगलवार सुबह कानूनगो शिवराम ने घर पर आकर धमकाया नौकरी करो जाकर, बहन ने कहा कि कानूनगो ने उनके भाई को एक पेपर पकड़ा दिया था। कानूनगो ने जो पेपर दिया, उसे देख डिप्रेशन में आकर मेरे भाई ने घर के अंदर अपने कमरे में फांसी लगा ली। जिससे उनकी मौत हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम और जिला अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने कानूनगो और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। उनका कहना है कि जब तक मामला दर्ज नहीं होगा, वह शव नहीं उठने देंगे।
फतेहपुर: शादी से एक दिन पहले लेखपाल ने फांसी लगाकर दी जान, प्रताडऩा का आरोप, SIR में लगी थी ड्यूटी
