फतेहपुर: जिले के शिवभजन सिंह इंटर कॉलेज, शिवपुरी में पढ़ने वाले 19 वर्षीय दिव्यांग छात्र प्रदीप कुमार शर्मा बोर्ड परीक्षा देने जा रहे हैं. महज ढाई फुट की लंबाई वाले प्रदीप अपने सपनों को ऊंचाई देने के लिए बोर्ड परीक्षा देने जा रहे हैं, लेकिन उनके सामने एक अनोखी चुनौती खड़ी हो गई. शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचे शिवभजन सिंह इंटर कॉलेज, शिवपुरी के दसवीं के दिव्यांग छात्र प्रदीप शर्मा (19) को अपने राइटर के लिए अनुमति चाहिए थी. ढाई फुट की लंबाई और छोटे हाथों की वजह से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. गाइडलाइंस के अनुसार, दिव्यांग परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिका लिखने के लिए एक लेखक छात्र (स्क्राइब) की अनुमति दी जाती है, लेकिन उसकी योग्यता पर भी नियम लागू होते हैं. प्रदीप के लेखक छात्र के 60 फीसदी अंक होने के कारण अनुमति निरस्त कर दी गई.यूपी बोर्ड की परीक्षा देने के जज्बे को देख कार्यालय में मौजूद सभी लोग आश्चर्य चकित हो गए लेकिन शासन की गाइडलाइंस के आगे सभी मजबूर दिखे. डीआईओएस, यूपी बोर्ड के नियमों के अनुसार, दिव्यांग परीक्षार्थी के लिए चयनित लेखक छात्र के अंक 45 फीसदी से कम होने चाहिए और वह उच्च कक्षा का नहीं होना चाहिए.
फतेहपुर: ढाई फुट के प्रदीप शर्मा देंगे यूपी बोर्ड की परीक्षा
