वृद्ध की हत्या में पिता-पुत्र आलाकत्ल समेत गिरफ्तार

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। भूमि विवाद के चलते 75 वर्षीय वृद्ध की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा (आलाकत्ल) भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गूजरपुर गहलवार में 14 जून की रात उस समय यह घटना घटित हुई जब गांव निवासी कप्तान सिंह पुत्र झम्मन लाल अपने बाग में सो रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी ओमवती की तहरीर पर थाना अमृतपुर में प्रेमपाल के पुत्र राजकुमार व रामबरन, ब्रजपाल के पुत्र नेपाल सिंह, राजवीर सिंह, अनुप्रकाश तथा नेपाल सिंह के पुत्र अक्षय कुमार निवासी लीलापुर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को अक्षय कुमार और उसके पुत्र सवी उर्फ स्वदेश के खिलाफ साक्ष्य मिले। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब 60 वर्ष पहले उनके पूर्वजों ने कप्तान सिंह के परिवार को गांव में बसने हेतु जमीन दी थी। मृतक कप्तान सिंह की कोई संतान नहीं थी। केवल एक गोद ली हुई पुत्री वैजयंती है। जमीन वापस मांगने पर कप्तान ने देने से इनकार कर दिया। जिससे नाराज होकर आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ0 संजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *