1.5 लाख रुपये का जमा कराया गया राजस्व, 30 के कटे कनेक्शन
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। विद्युत विभाग ने गुरुवार को नवाबगंज नगर के मोहल्ला सिरमौरा में बिजली बिल राहत शिविर का आयोजन किया। इस दौरान समाधान योजना के तहत लगभग 1.5 लाख रुपये का राजस्व जमा किया गया। शिविर में 30 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, जबकि 15 उपभोक्ताओं ने वन टाइम सेटलमेंट योजना का लाभ उठाया।
यह शिविर बिजली बिल राहत योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया था। जिसका मुख्य उद्देश्य बकाया बिलों की वसूली और उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करना था। समाधान योजना के तहत विभाग ने 1.5 लाख का राजस्व एकत्र किया।
राजस्व वसूली के साथ-साथ विभाग ने बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की। लंबे समय से बिल जमा न करने वाले 30 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। वहीं 15 उपभोक्ताओं ने सरकार की वन टाइम सेटलमेंट योजना का लाभ उठाते हुए अपने पुराने बिजली बिल विवादों और बकाये का निपटारा किया। शिविर में मौजूद नोडल अधिकारी गोपाल मिश्रा ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को बिजली बिल के ब्याज में शत-प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इसके अतिरिक्त मूल बकाया राशि में भी 20 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जा रही है। यह योजना पुराने बकाये के बोझ से दबे उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। शिविर के सफल आयोजन में जेई अब्दुल मजीद सहित नोडल अधिकारी गोपाल मिश्रा के साथ वीर सिंह, गौरव सिंह, प्रमोद कुमार, प्रदीप कुमार, मंजेश कुमार और हुकुम सिंह सहित विद्युत विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि बकाया भुगतान न करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पन्द्रह उपभोक्ताओं ने लिया वन टाइम सेटलमेंट योजना का लाभ
