महाकुंभ में साधु-संतों के साथ देशी और विदेशी श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर अमृत स्नान किया. इसी बीच यहां सोशल मीडिया पर किसी ने 11 भक्तों की ठंड लगने के बाद हार्ट अटैक से मौत तथा आईसीयू फुल होने की खबर उड़ा दी. जांच के बाद ये खबर झूठी निकली. इसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है. पुलिस के अनुसार यह मामला सोमवार को सामने आया जब शिकायतकर्ता अवकुश कुमार सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी, शिकायत में बताया गया कि आरोपी लालू यादव संजीव ने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की थी.
पोस्ट में दावा किया गया था कि महाकुंभ स्नान में 11 भक्तों की ठंड से हार्ट अटैक से मौत हो गई और आईसीयू इमरजेंसी कैंप मरीजों से भरे हुए हैं. पुलिस ने बताया कि यह पोस्ट पूरी तरह से झूठी और भ्रामक थी, जिसने आम जनता के बीच डर और शांति भंग करने का काम किया. मामला पखड़ी थाना क्षेत्र में स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) राजेंद्र प्रसाद सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया. इस सूचना का संज्ञान लेकर तत्काल जांच पड़ताल करते हुए युवक से पूछताछ के साथ-साथ पोस्ट की भी जांच की गई. माफी मंगवाने के बाद युवक को छोड़ दिया गया है. युवक के द्वारा पूछताछ के दौरान किए गए कार्य की माफी मांगते हुए उस पोस्ट को डिलीट कर दिया गया है. उन्होंने अपील की सोशल मीडिया पर किसी भी अफवाह को फैलाने से बचें और किसी भी पोस्ट को साझा करने से पहले सत्यता की जांच कर लें.
