उन्नाव, समृद्धि न्यूज। हरदोई उन्नाव मार्ग पर डीसीएम व डंपर में भीषड़ टक्कर होने से दोनों वाहनों में आग लग गई। जिससे तीन लोग जिंदा जल गए।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के उन्नाव-हरदोई मार्ग पर सुबह मौरंग लदे डंपर और केमिकल ड्रम लदे डीसीएम में आमने-सामने टक्कर हो गई। जिससे दोनों वाहनों में आग लग गई। जनपद संभल निवासी डीसीएम चालक और कानपुर देहात निवासी डंपर चालक व क्लीनर जिंदा जल गए। डीसीएम के क्लीनर ने कूदकर अपनी जान बचाई। वही पुलिस दमकल की मदद से आग बुझाई गई। हादसे के कारण मार्ग तीन घंटे जाम रहा। बताया जाता है कि हादसा चालक को झपकी आने से हुआ है।
जनपद संभल के थाना असमौली के गांव गहरे की माड़िया निवासी डीसीएम चालक महिपाल 30 वर्ष अपने भांजे/क्लीनर, संभल जिले के फतेहपुर उनमा निवासी सोनू के साथ कानपुर जा रहा था। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर बुधवार सुबह बांगरमऊ कोतवाली के कस्बा गंजमुरादाबाद पहुचा था तभी मुरे कंपनी मोड़ पर मौरंग लदे डंपर से आमने-सामने टक्कर हो गई। भीषण टक्कर होने से दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और आग लग गई।
डीसीएम क्लीनर सोनू ने कूदकर अपनी जान बचाई, वहीं डीसीएम चालक महिपाल और कानपुर देहात जिले के थाना भोगनीपुर के गांव चोरा निवासी चालक पवन 30 और जनपद जालौन निवासी क्लीनर सुमित वाहनों में ही फंस गए और तीनों जिंदा जल गए। पीआरवी की सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची और दमकल की मदद से आग पर बुझाई। बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों मे से किसी चालक को झपकी आने पर यह हादसा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
