नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। भीषण गर्मी में लोड पडऩे से ट्रांसफार्मर में आग लग गयी। तेज लपटें निकलने से लोगों में हडक़ंप मच गया। काफी देर तक कोई बिजली विभाग का कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत नवाबगंज क्षेत्र के फर्रुखाबाद रोड पर बिजली घर से कस्बे की तरफ लगभग 500 मीटर की दूरी पर रखे ट्रांसफार्मर में मंगलवार दोपहर आग लग गयी। तेज लपटें निकलने से हडक़ंप मच गया। करीब ५० मीटर तक तेल के फब्बारे उड़े। घटना की सूचना बिजली विभाग को दी गयी, लेकिन आधा घंटे तक कोई भी बिजलीकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। बताते चलें कि इस ट्रांसफार्मर से करीब २०० घरों की बिजली सप्लाई होती है। ट्रांसफार्मर जलने से इन घरों में अंधेरा छा गया। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल आदि चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। वहीं पानी की सप्लाई भी बाधित हो गयी है।
ट्रांसफार्मर में आग लगने से मचा हडक़ंप
