उन्नाव, समृद्धि न्यूज। पत्नी के विवाद के चलते पहले पति ने दूसरे पति की हत्या कर दी। तीन वर्ष पूर्व युवक की पत्नी ने पड़ोसी से शादी कर ली थी। जिससे दोनों युवक एक दूसरे से रंजिश मान रहे थे।
बीती रात युवक ने पड़ोसी के गले पर चाकू से हमला कर दिया ।जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कासिम नगर निवासी नूर आलम 37 वर्ष एसी बनाने का काम करता था। नूर आलम के भाई इरफान ने बताया कि हमारे घर के सामने ही नौशाद का घर है। नौशाद का बड़ा बेटा यूसुफ, नूर आलम के साथ काम सीखता था।
इसी दौरान नूर आलम और नौशाद की पत्नी इरफाना 47 वर्ष की नजदीकियां बढ़ने लगीं। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया।इरफान ने बताया कि तीन साल पहले नूर आलम ने परिवार वालों के विरुद्ध नौशाद की पत्नी इरफाना से शादी कर ली।
शादी के बाद दोनों साथ रहने लगे। लेकिन नौशाद और इरफाना के 3 बच्चे यूसुफ, अयान और सानिया नौशाद के साथ ही रहते थे। इरफाना अपने बच्चों से मिलने कभी-कभी चोरी छिपे चली जाती थी।
इरफान ने बताया कि इन्हीं सब बातों को लेकर नौशाद और नूर आलम के बीच में विवाद होता था। कई बार मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। नौशाद कई बार बदला लेने की धमकी दे रहा था।
इरफान ने बताया कि गुरुवार को रात नूर आलम काम करके घर आ रहा था। तभी अपने घर के दरवाजे में खड़े नौशाद ने नूर को रोकर लिया और उससे विवाद करने लगा। झगड़ा इतना बढ़ गया कि नौशाद ने चाकू से नूर के गले और पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल करके भाग निकाला।
नूर के चिल्लाने की आवाज सुनकर घर के लोगो ने बाहर देखा कि नूर लहूलुहान पड़ा था। परिजन उसे बाइक से लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में इलाज के दौरान नूर आलम की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिजन और मोहल्ले के लोग अस्पताल पहुंच गए और हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी कर आरोपी को हिरासत में लिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है।
