उन्नाव। विदेशी मुद्रा का झांसा देकर ठगी करने वाले बांग्लादेशी गिरोह के दो महिलाओं समेत पांच को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक दर्जन से अधिक मोबाइल, रुपये और अन्य सामान बरामद किये गये है । पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि रायबरेली के कलही गांव के पूरेचंदू मजरा निवासी मानू सोनी ने बीघापुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि दो अज्ञात लोगों ने भारतीय मुद्रा के बदले सऊदी मुद्रा रियाल देने का लालच देकर 1.55 लाख रुपये की ठगी कर ली। बदले में उसे कागज की गड्डी देकर फरार हो गए थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी के फुटेज खंगाले। इसके आधार पर जांच पड़ताल में जुटी पुलिस और एसओजी ने सोमवार सुबह ठगपुरवा कट के पास दबिश देकर मथुरा स्थित जमुना पार लोहवन के रघुवीर बिहार कॉलोनी निवासी अब्दुल जलील, यहीं के रहने वाले मिन्टू, उसकी पत्नी हमीदा और अफरोजा पत्नी खैरुल तथा पश्चित बंगाल जिला उत्तर चौबीस थाना जीवन तला के काली कतला निवासी मासूम मुल्ला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में ने ठगी करने की बात स्वीकार कर ली। इनके पास से मील बांग्लादेशी पासपोर्ट और अभिलेखों की पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
गिरफ्तार जालसाज अब्दुल जलील, मासूम मुल्ला, मिन्टू, हमीदा और अफरोजा के पास से पुलिस ने करीब 44 हजार रुपये की नकदी, फर्जी दस्तावेज, बाइक, मोबाइल, सिम कार्ड, बांग्लादेशी वीजा, पासपोर्ट, नोटनुमा कागज के बंडल और बैंक ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट आदि बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह इसी तरह लोगों को फंसाकर ठगी करते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों में मिन्टू, अफरोजा व हमीदा पर तीन-तीन तथा अब्दुल जलील पर दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
