पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में कार और टेंपो की आमने-सामने टक्कर
पीलीभीत, समृद्धि न्यूज। शनिवार दोपहर जहानाबाद थाना क्षेत्र में हरिद्वार नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिसेन गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार और टेंपो की आमने-सामने की भिड़ंत में मासूम बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
टक्कर के बाद टेंपो पलटा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेंपो पीलीभीत की ओर से आ रहा था, जिसमें करीब दस लोग सवार थे। इसी दौरान अमरिया की ओर से आ रही कार ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो क्षतिग्रस्त होकर पलट गया। घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों को अस्पताल भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी जहानाबाद भेजा। जहां चिकित्सकों ने मासूम समेत पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि एक गंभीर घायल को बरेली भेजा गया है।
हादसे में मृतक
- राजदा (45 वर्ष) पत्नी अल्ताफ, निवासी नगर पंचायत नौगवां पकड़िया
- हमजा (2 वर्ष) पुत्री सुल्तान (मृतका राजदा की नातिन)
- जानिसार, पुत्र जागीर शाह, निवासी पश्चिम बंगाल
- विजय (30 वर्ष) पुत्र लीलाधर, निवासी खमड़िया दलेलगंज (टेंपो चालक)
- फरीदा
घायलों की हालत गंभीर
मृतक मासूम की मां मुस्कान, फरजंद अली, सहरीना, फैजुल सहित कई लोग घायल हुए हैं। सभी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
डीएम ने लिया जायजा
घटना की जानकारी पर डीएम ज्ञानेंद्र सिंह भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे में मासूम बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि अन्य घायल हैं। सभी का समुचित उपचार कराया जा रहा है।
