बाढ़ का पानी कम हुआ, लेकिन संक्रामक बीमारियों ने पसारे पैर

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। मौसम में हो रहे बदलाव तथा गंगा के घटते जलस्तर से गंगापार में संक्रामक बीमारियां पैर पसारने लगी हैं। खांसी, जुकाम, वायरल बुखार, त्वचा रोग तेजी से फैल रहे हैं। इसी के चलते सीएचसी प्रभारी डॉ0 गौरव वर्मा ने गांव मंझा की मड़ैया में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। जिसमें विभिन्न बीमारियों से पीडि़त ग्रामीणों को दवायें वितरित कीं।
बताते चलें कि रामगंगा का जलस्तर घटना शुरु हो गया है। इसके साथ ही बीमारियां पैर पसारने लगी हैं। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर सीएचसी प्रभारी डॉ0 गौरव वर्मा ने बुधवार को ग्राम मंझा की मड़ैया में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। जिसमें विभिन्न बीमारियों से पीडि़त जैसे खांसी, जुकाम, वायरल बुखार, त्वचा रोग से पीडि़त दर्जनों की संख्या में मरीज पहुंचे। जिन्हें देखकर चिकित्सकों ने नि:शुल्क दवायें दीं। साथ ही साथ उन्हें ऐतियात बरतने की भी सलाह दी। डॉ0 गौरव वर्मा ने बताया कि मौसम परिवर्तन और गंगा का घटता जलस्तर बीमारियों का कारण बन रहा है। उन्होंने बीमारियों से बचाव के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। जैसे खाना हमेशा ढककर रखें, ताकि मच्छर, छिपकली और कीड़े उस पर न बैठ सकें। गंदे पानी से दूर रहें और साफ.-सफाई का विशेष ध्यान रखें। दूषित पानी के आसपास जाते समय मास्क का प्रयोग करें। केवल स्वच्छ पानी का सेवन करें और बासी पानी न पिएं। खुले में न सोएं। अगर सोएं, तो मच्छरदारी का प्रयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *