यातायात नियमों का पालन करें जीवन बचायें-एसपी

पुलिसकर्मियों को किया गया ब्रीफ
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा पुलिस लाईन फतेहगढ़ में यातायात नियमों का पालन करने हेतु पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया गया।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा शुक्रवार को परेड ग्राउंड पुलिस लाईन फतेहगढ़ में पुलिसकर्मियों को यातायात नियमों का पालन करने के सम्बन्ध में निर्देशित कर बताया गया कि यातायात नियमों का पालन करना सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इन नियमों का पालन करने से सडक़ दुर्घटनाओं का खतरा कम होता है और यातायात सुव्यवस्थित रहता है। यातायात के दौरान की गयी एक छोटी सी लापरवाही हमारे साथ-साथ हमारे पूरे परिवार के लिए बहुत घातक साबित हो सकती है। दैनिक जीवन में सुरक्षा के साथ-साथ सडक़ सुरक्षा नियमों का पालन करने से हमें सुरक्षित रहने में मदद मिलती है। अपने एवं अपने परिवार के उज्जवल भविष्य के लिए यातायात नियमो का पालन करें। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा दिनांक 11.06.2025 से दिनांक 13.06.2025 तक कुल 244 वाहनों के चालान किये गये। जिसमें पुलिसकर्मियों के कुल 95 वाहनों के चालान किये गये। जिनका शमन शुल्क 105000/- रुपये वसूला गया। एसपी ने इस दौरान कहा कि सडक़ पर चलने के दौरान हमेशा सतर्क रहें और आसपास की गतिविधियों पर नजऱ रखें, दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, ट्रैफिक सिग्नल्स और संकेतों का पालन करें, रेड सिग्नल पर रुकें और ग्रीन सिग्नल पर ही चलें। सडक़ पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें। तेज़ गाड़ी चलाने से सडक़ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। सीट बेल्ट और हेलमेट पहनना सडक़ पर सुरक्षित रहने का एक महत्वपूर्ण तरीका है। शराब पीकर गाड़ी चलाना खतरनाक है। गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग बिल्कुल न करें। सडक़ पार करते समय हमेशा सही साइड में चलें और ट्रैफिक की दिशा पर ध्यान रखें। पैदल यात्रियों को सडक़ पार करने में मदद करें और उन्हें जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें। एम्बुलेंस, दमकल या पुलिस वाहनों को रास्ता दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *