महिला के पति ने युवक को बेल्टों से पीटा, हुआ अचेत
दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। इंस्टाग्राम पर महिला को फॉलो करना युवक को उस समय महंगा पड़ गया, जब महिला के पति ने मोबाइल पर देखकर युवक की बेल्टों से जमकर पिटाई कर दी। जिससे वह अचेत हो गया। सूचना पर पहुंचे युवक के परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस आरोपी को पकडक़र थाने ले गयी। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीरें दी गयी हैं।
जानकारी के अनुसार थाना नवाबगंज के गांव सिरौली निवासी धर्मवीर का 15 वर्षीय पुत्र रिषभ जो कि खेड़ा सिरौली के एक स्कूल में कक्षा 9 का छात्र है। लगभग 12 दिन पूर्व रिषभ के मोबाइल पर पड़ोस के ही रहने वाले चंद्रपाल की विवाहित पुत्री काजल ने रिषभ को इंस्टाग्राम पर फॉलो किया। जिस पर रिषभ ने भी परिचित होने के कारण काजल को फॉलो बैक कर दिया और रिषभ ने एसएमएस के माध्यम से काजल से हाल चाल पूछा। यह सब काजल के पति अर्जुन ने मोबाइल में देख लिया। कुछ दिन पूर्व चंद्रपाल ने अपने दामाद अर्जुन व पुत्री काजल को दावत पर अपने घर सिरौली बुलाया। रविवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे अर्जुन रिषभ के घर पहुंचा और रिषभ की मां से उसे अपने साथ ले जाने की बात कहकर अपने साथ बुला कर ले गया। काफी समय बीत जाने के बाद किसी अन्य युवक से रिषभ की मां को सूचना मिली कि खेत पर अर्जुन रिषभ को बेल्टों से बुरी तरह पीट रहा है। जिसपर रिषभ की मां, पिता धर्मवीर व अन्य परिजन भाग कर खेतों की तरफ पहुंचे, तो रिषभ बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। धर्मवीर ने अपने पुत्र रिषभ को उठाकर घर पर लाकर होश में किया और घटना की सारी जानकारी ली। रिषभ की पीठ पर चोटों के काफी निशान पड़े देख धर्मवीर ने चंद्रपाल से शिकायत करने चाही, तो उन्होंने इनकी बात पर कोई ध्यान नहीं दिया। जिस पर धर्मवीर ने यूपी 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची यूपी 112 ने चंद्रपाल के दामाद अर्जुन को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। नवाबगंज थाने पहुंचकर एक पक्ष से धर्मवीर ने पुलिस को अर्जुन के खिलाफ, तो वहीं दूसरे पक्ष से काजल ने रिषभ के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने जांच कर कार्यवाही करने का भरोसा दिया।
इंस्टाग्राम पर महिला को फॉलो करना युवक को पड़ा महंगा
