
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश के अनुपालन में ग्रीष्म एवं वर्षा ऋतु में खुले, कटे-फटे, सड़े-गले एवं कृत्रिम रुप से पकाये गये फलों तथा दूषित खाद्य पदार्थों फलों के जूस, गन्ने का रस, कार्बाइड से पकाये गये आम, आइसक्रीम आदि के निर्माण व बिक्री की रोकथाम हेतु चलाये जा रहे अभियान में एफ0एस0डी0ए0 ने जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर पांच प्रतिष्ठानों से नमूने भरे। जिन्हे जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।
सहायक आयुक्त खाद्य/अभिहित अधिकारी सय्यद शाहनवाज हैदर आबिदी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षाधिकारी बिजेन्द्र कुमार, डा0 शैलेन्द्र रावत, अरुण कुमार मिश्र ने शमशाबाद मण्डी समिति स्थित विकास पुत्र शिवनन्द के चौबे टे्रडर्स पर छापामारकर आम का नमूना लिया। कम्पिल क्षेत्र रुदायन रोड प्रेम नारायन पुत्र सूबेदार सिंह के प्रतिष्ठान पर छापामारकर रेडी टू सर्व फ्रूट बेवरेज मैंगों माजा का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा। शमशाबाद उपमण्डी स्थल अंशुल पुत्र अलीदराज के प्रतिष्ठान पर छापामारकर टीम ने आम को पकाने के लिए रखा गया केमिकल का नमूना लिया। नवाबगंज स्थित गायत्री गली टंकी के पास दीकप उर्फ दिनेश पुत्र नरेन्द्र कुमार के प्रतिष्ठान से आइसक्रीम का नमूना लिया। कायमगंज पितौरा क्रासिंग स्थित सर्वेश पुत्र लखन के प्रतिष्ठान से लीची गोल्ड फू्रट का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया। खाद्य अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।
