ड्रमंडगंज वनरेंज के महोगढ़ी जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग, आग बुझाने में जुटे वनकर्मी

हलिया (मिर्ज़ापुर): ड्रमंडगंज वनरेंज के महोगढ़ी वनक्षेत्र के कंपार्टमेंट नंबर दो के अलमी घाट जंगल में गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। पहाड़ से धुआं सुलगता देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना वनविभाग को दी। सूचना मिलने पर वनविभाग की टीम जंगल में पहुंचकर आग बुझाने में जुट गई है। वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी वाचर दिनेश तिवारी,झाड़ी कोल, नन्हकू कोल,लालजी श्यामदेई,सुमारी देवी आग बुझाने में लगे हुए हैं।तेज हवाओं के चलने से आग जंगल में फैलकर तीन चार जगहों पर लग गई है। वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी ने बताया कि आग संभवतः चरवाहों के बीड़ी पीकर फेंकने या मधुमक्खी के छत्तों से रात में शहद निकालने के लिए जंगल में आए लोगों द्वारा धुआं सुलगाने के लिए लगा दी गई। वनकर्मियों के साथ आग को बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।तेज हवाओं के चलने और धुआं का गुबार होने से आग बुझाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। देर शाम तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *