कमालगंज, समृद्धि न्यूज। जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव जाजपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के बाहर सुतली बम फटने से एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को तत्काल लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के अनुसार गांव जाजपुर निवासी मुकेश यादव का 11 वर्षीय पुत्र अंशू जो स्थानीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा सात का छात्र है। रोज़ाना की तरह सुबह स्कूल गया था। दोपहर में उसका एक दोस्त सुतली बम लेकर स्कूल पहुंचा। स्कूल खत्म होने के बाद दोनों बाहर निकल आए। उसी दौरान अंशू ने बम को हाथ में पकड़ लिया और खेलने लगे और उसके साथी ने माचिस से खेल ही खेल में आग लगा दी। बम फेंकने से पहले ही अंशू के हाथ में फट गया। इस धमाके में अंशू की चार उंगलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उड़ गईं। सूचना मिलने पर परिजनों ने घायल हालत में उसे तत्काल लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार अंशू के हाथ में सिर्फ अंगूठा ही सुरक्षित बचा है। यह घटना बच्चों की नादानी और विस्उफोटक सामग्री से खेलने के खतरनाक परिणाम को दर्शाती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थानीय प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को ऐसी खतरनाक चीजों से दूर रखें।