
एक की हालत गंभीर, सूचना के बाद भी नहीं पहुंची एंबूलेंस
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के ग्राम उलियापुर निवासी प्रभाकर पुत्र शिवदत्त अपने दोस्त सुबोध पुत्र विशेश्वर दयाल के साथ रविवार को बाइक द्वारा मंझना बाजार जा रहा था। हजियांपुर-मंझना मार्ग पर पीसीएफ गोदाम के समाने गुजरते समय मंझना से हजियांपुर की ओर आ रहे एक अन्य बाइक सवार सौरभ निवासी मुरहठी थाना शमशाबाद की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दोनों बाईकों पर चार लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना में घायल सुबोध की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताते हैं जिस वक्त बाइक सवारों की आमने सामने भिडं़त हुई, उस वक्त तमाम राहगीर मौके से गुजर रहे थे। चीख पुकार सुनकर मौके पर तमाम लोग जुट गये। भीड़ में कुछ लोगों ने जहां एक ओर 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस को सूचना दी, वहीं दूसरी ओर नवाबगंज तथा शमसाबाद थाना क्षेत्र की पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी, लेकिन आधे घंटे तक घायल मौके पर ही तपड़ते रहे, लेकिन ना तो एंबुलेंस पहुंची और न ही थाना पुलिस। लोगों ने दुर्घटना की सूचना किसी तरह जब सुबोध के परिवार के लोगों को दी, तो परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। परिजन सुबोध तथा प्रभाकर को उपचार के लिए ले गए, जबकि घायल सौरभ तड़प रहा बताया गया। भीड़ में किसी ने बाइक सवार सौरभ के परिवार को दुर्घटना की सूचना दी गई, तो वह भी मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए फर्रुखाबाद ले गए बताया।
