टेंपो और बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में, चार घायल

शमसाबाद, समृद्धि न्यूज। बाइक और टेंपो में आमने-सामने भिड़ंत में दो बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गये। राहगीरों की सूचना पर पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी भेजा तथा वाहनों को कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार जनपद शाहजहांपुर के थाना कलान क्षेत्र के गांव धोबियन नगला निवासी बाइक चालक उमेश चंद्र अपनी बाइक पर बैठाकर अपने पिता बालक राम को फर्रुखाबाद में हृदय रोग विशेषज्ञ के यहां दवा लेने के लिए आ रहा था। दूसरी बाइक पर गांव के कन्हैयालाल अपने दामाद अमन के साथ बाइक पर बैठकर दवा लेने जा रहे थे। फर्रुखाबाद की तरफ से शमशाबाद की तरफ जा रहे टेंपो ने नगला नान गांव के सामने चिंतामणि तालाब के पास मुख्य मार्ग पर उमेश चंद्र की बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें उमेश चंद्र व उनके पिता बालक राम दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों के पैर टूट गए। इसके पीछे से आ रहे उमेश के गांव के साथी कन्हैयालाल की बाइक में टेंपो ने टक्कर मार दी। जिसमें कन्हैयालाल और अमन के हल्की चोटें आयीं। दोनों बाइक सवार खंदक में जा गिरे। राहगीरों की सूचना पर शमशाबाद थाना पुलिस, फैजबाग चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को दो एंबुलेंस से मुख्यालय भेजा। टेंपो और बाइकों को कब्जे में लिया। चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने बताया कि बाइक और टेंपो को कब्जे में लिया गया है। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *