सैफई पेट्रोल पंप तिहारे पर ऑटो व ट्रक की भिड़ंत में रिटायर्ड दरोगा की मौत, पत्नी सहित चार घायल

 सैफई: सैफई-इटावा रोड पर सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के रिटायर्ड उप निरीक्षक की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा करीब 1:30 बजे सैफई पेट्रोल पंप तिहारे पर उस समय हुआ, जब ऑटो के पीछे चल रहे ट्रक का अचानक टायर फट गया और अनियंत्रित ऑटो ट्रक से जा भिड़ा। झिगूपुर थाना सैफई निवासी 65 वर्षीय सदाबिहारी अपनी पत्नी 62 वर्षीय सुहागा देवी के साथ इलाज के लिए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय आए थे। दवा लेने के बाद दोनों ऑटो से वापस गांव लौट रहे थे। हादसे में सदाबिहारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुहागा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सदाबिहारी चार वर्ष पूर्व उप निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। ऑटो उझियानी निवासी 18 वर्षीय साहिल पुत्र सर्वेश कुमार चला रहा था। ऑटो में तीन अन्य सवारियां भी थीं। इनमें मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मोहला धर्मनगर निवासी 40 वर्षीय विनीता देवी पत्नी अर्जुन सिंह अपनी भतीजी रश्मि (पुत्री नरेंद्र कुमार), निवासी दशतकानगर थाना धन्ना हार को इटावा से उसके घर छोड़ने जा रही थीं। दोनों महिला यात्री भी हादसे में घायल हो गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना सैफई के इंस्पेक्टर राकेश शर्मा, इंस्पेक्टर तेज सिंह एवं उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय चौकी इंचार्ज ललित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल विश्वविद्यालय के इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने सदाबिहारी को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विश्वविद्यालय पहुंच गए। मृतक का गांव सैफई से मात्र तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रक और ऑटो को हिरासत में ले लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *