अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। कस्बा अमृतपुर में रविवार को बंदरों के आतंक के चलते बड़ा हादसा हो गया। मकान का छज्जा गिरने से चार मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कस्बे के निवासी रामवीर पुत्र प्रयाग के घर पर हुआ।
जानकारी के अनुसार घर की छत पर खेल रहे बच्चों पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। अफरा-तफरी के बीच बच्चे छज्जे की ओर भागे, तभी छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। छज्जे के साथ ही बच्चे भी गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बच्चों में प्रेम बाबू पुत्र रामवीर, रॉयल पुत्र संजीव, शिवी पुत्री राजीव और नैना पुत्री राज कश्यप शामिल हैं। सभी को लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर रॉयल और शिवी को सैफई अस्पताल रेफर किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि कस्बे में लंबे समय से बंदरों का आतंक जारी है। आए दिन बंदरों की वजह से हमले और तोडफ़ोड़ की घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
अमृतपुर में बड़ा हादसा, छज्जा गिरने से चार मासूम घायल
